बीकानेर। बीकानेर के सादुलगंज में व्यवसायी सुखदेव चायल और कांग्रेस नेता धनपत चायल के घर पर हुई फायरिंग के मामले में नामजद गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी एजेंसी ICE ने उसे कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि सितंबर 2025 में सादुलगंज स्थित सुखदेव चायल के आवास पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए सात राउंड गोलियां चलाई थीं। वारदात के बाद हैरी बॉक्सर और सुंदर हंसी ने सोशल मीडिया के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। बताया जा रहा है कि हैरी बॉक्सर भारत के कई आपराधिक मामलों में वांछित है और विदेश में रहकर गैंग की गतिविधियां संचालित कर रहा था। बीकानेर की फायरिंग वारदात में भी उसका नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। इसके अलावा, हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी हैरी बॉक्सर से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आया था। अमेरिकी एजेंसी की हिरासत में आने की खबर के बाद अब उसके भारत प्रत्यर्पण को लेकर भी चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, प्रत्यर्पण को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।








