बीकानेर/श्रीगंगानगर। जेल की निगरानी व्यवस्था में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी खुली जेल से पांच दिन के लिए थाईलैंड घूमने चला गया और हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान जेल के रजिस्टर में उसकी नियमित हाजिरी भी दर्ज होती रही।
मामला दीक्षित कामरा का है, जो 3 मई 2026 से नरसिंहपुरा बिरानी स्थित खुला बंदी शिविर में सजा काट रहा था। जांच में उसके पासपोर्ट की जानकारी सामने आने पर पता चला कि वह 9 से 13 अक्टूबर 2026 तक थाईलैंड में था। इसके बावजूद जेल रिकॉर्ड में उसकी मौजूदगी दर्ज की जाती रही। इस मामले में जेल प्रहरी हापूराम पर कैदी के जेल में नहीं होने के बावजूद उसकी हाजिरी लगाने और अधिकारियों को गलत रिपोर्ट देने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद प्रहरी को निलंबित कर दिया गया है।
बीकानेर-जोधपुर रेंज के जेल उप महानिरीक्षक की रिपोर्ट पर घमूडवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि कैदी विदेश कैसे गया और उसकी गैरमौजूदगी में जेल रिकॉर्ड में लगातार हाजिरी किसके कहने पर दर्ज की जाती रही।








