बीकानेर। शहर के घड़सीसर रेलवे अंडरब्रिज के पास रविवार को दर्दनाक रेल हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं, घायल पुरुष को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।








