बीकानेर। दीपावली के उत्सव के बीच पटाखों की चिंगारी से शहर में आगजनी की दो घटनाएं सामने आईं। हादसों में एक मोबाइल दुकान और कूलर स्क्रैप का बाड़ा आग की चपेट में आ गए। दोनों स्थानों पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के जेल रोड की है। यहां स्थित मोबाइल किंग दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा मोबाइल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया। आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
दूसरी घटना रानीसर बास क्षेत्र में हुई, जहां कूलर स्क्रैप के एक बाड़े में अचानक आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग की आशंका पटाखों की चिंगारी से जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की चार दमकलें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग से बाड़े में रखा अधिकांश कूलर स्क्रैप जलकर राख हो गया। लपटें देखकर आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। आगजनी की सूचना पर पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित, अनूप गहलोत और अयूब कायमखानी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर पटाखों की चिंगारी को इसकी वजह माना जा रहा है।








