बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां मोबाइल में गेम खेलने के दौरान डाउनलोड किए गए अज्ञात लिंक और एप्लीकेशन के जरिए एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पुरानी लाइन, गंगाशहर निवासी पवन जैन पुत्र झंवरलाल जैन ने रिपोर्ट दी कि उनके मोबाइल पर बच्चे गेम खेलते रहते हैं। इसी दौरान बच्चों ने किसी अनजान लिंक पर क्लिक कर एप्लीकेशन डाउनलोड कर लिया। इसके कुछ समय बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से 1,30,000 रुपये की रकम निकाल ली। मामले में राजस्थान क्राइम कंट्रोल सेंटर स्थित सेंट्रल साइबर पुलिस स्टेशन से प्राप्त ई-जीरो एफआईआर के आधार पर गंगाशहर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब ठगी के तरीके और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।








