बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ में लंबे समय से लंबित ट्रॉमा सेंटर निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रीना को ज्ञापन सौंपा। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी और कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आवंटित भूमि पर जल्द ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई। सलीम भाटी ने कहा कि बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में दोनों समुदायों की सहमति से विवादित भूमि ट्रॉमा सेंटर के लिए उपलब्ध कराई गई थी। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा भूमि चिकित्सा विभाग को आवंटित कर उसका पट्टा भी जारी किया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ के भामाशाह ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में सहयोग देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदलने के बाद ट्रॉमा सेंटर के स्थान परिवर्तन की कोशिशों के कारण परियोजना में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना से निर्णय लिया जाना चाहिए। ज्ञापन में मांग की गई कि श्रीडूंगरगढ़ की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पूर्व में आवंटित भूमि पर अविलंब ट्रॉमा सेंटर निर्माण का शिलान्यास कर कार्य शुरू किया जाए, ताकि हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त लोगों और क्षेत्रवासियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इस दौरान शिष्टमंडल में सेवादल के राजेश दाधीच और कांग्रेस नेता दलीप सिंह भी मौजूद रहे।
श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर जल्द शुरू करने की मांग, कांग्रेस नेताओं ने सौंपा ज्ञापन





