बीकानेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जरी की साड़ियों के एक गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में जरी की साड़ियां और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से काफी माल जलकर राख हो गया। जरी का काम महंगा होने के कारण लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आंकलन किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बीकानेर में जरी की साड़ियों के गोदाम में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका






