बीकानेर। पहले से साइबर ठगी की शिकार एक महिला को उसकी रकम वापस दिलाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को साइबर थाने में अपनी अच्छी पहचान होने की बात कहकर भरोसे में लिया और अलग-अलग बहाने बनाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। साथ ही महिला की कार, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी अपने साथ दिल्ली ले गया, जिन्हें अब तक वापस नहीं लौटाया गया है। पुलिस के अनुसार रानी बाजार स्थित पोकर क्वार्टर निवासी किरण बाला ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि वर्ष 2023 में उसके साथ 38.53 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इस संबंध में साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस इस मामले में न्यायालय में चार्जशीट भी पेश कर चुकी है। महिला के अनुसार इसी दौरान हरदेव शर्मा नामक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और दावा किया कि साइबर थाने में उसकी अच्छी पहचान है। उसने महिला को विश्वास दिलाया कि वह उसकी ठगी गई पूरी रकम वापस दिलवा देगा। आरोप है कि इसके बाद मई 2024 से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग बहाने बनाकर आरोपी ने महिला से 20,25,939 रुपये ले लिए। आरोप है कि आरोपी महिला की कार, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी अपने साथ दिल्ली ले गया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी सामान वापस नहीं किया। पीड़िता की शिकायत पर कोटगेट थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी हरदेव शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े लेन-देन एवं अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पहले साइबर ठगी की शिकार हुई महिला को रकम वापस दिलाने का झांसा, 20.25 लाख और कार-लैपटॉप लेकर आरोपी फरार






