बीकानेर। बैंक कर्मचारी बनकर एक महिला से ओटीपी हासिल कर उसके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 63 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। घटना 26 अगस्त की शाम साले की होली क्षेत्र की है। पीड़िता मंजू देवी ने नयाशहर पुलिस थाने में आसुसिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, मंजू देवी का एक्सिस बैंक की शाखा में खाता है और उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट पांच लाख रुपए से अधिक है। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही।
आरोपी ने लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया के नाम पर महिला के मोबाइल पर आया OTP मांग लिया। बैंक कर्मचारी समझकर महिला ने आरोपी को OTP बता दिया। इसके कुछ ही देर बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 2.63 लाख रुपए की राशि निकाल ली गई। रुपए निकलने की जानकारी मिलने पर महिला ने आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। ठगी का पता चलने के बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









