बीकानेर। महापौर चुनाव को लेकर बीकानेर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महापौर मकसूद अहमद के घर पुराने मामले में पुलिस का नोटिस चस्पा होने से राजनीतिक हलकों में हलचल और तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, कोटगेट थाना क्षेत्र से जुड़े एक पुराने प्रकरण में पुलिस ने यह नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि मामला बीते दिनों एक क्लीनिक पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई से संबंधित है, जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ था। अब इसी प्रकरण में कोटगेट पुलिस ने मकसूद अहमद के निवास पर नोटिस चस्पा किया है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब नगर निगम में महापौर चुनाव को लेकर सियासी जोड़-तोड़ और बैठकों का दौर जारी है। कांग्रेस अपने पार्षदों की बाड़ाबंदी में जुटी है और मकसूद अहमद भी इस पूरी राजनीतिक गतिविधि में सक्रिय बताए जा रहे हैं। ऐसे में उनके घर पर पुराने मामले का नोटिस पहुंचना चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
पहले मनोज बिश्नोई, अब मकसूद अहमद…
गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस पार्षद मनोज बिश्नोई को भी एक पुराने होटल प्रकरण में नोटिस जारी किया गया था। उस समय कांग्रेस नेताओं ने चुनावी माहौल में इस तरह की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया था कि चुनाव के दौरान पुराने मामलों को लेकर विपक्षी नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के नेतृत्व में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा गया था। अब मकसूद अहमद के घर नोटिस चस्पा होने के बाद महापौर चुनाव के बीच सियासी चर्चाओं का बाजार फिर गर्म हो गया है। हालांकि, नोटिस में पुलिस ने क्या निर्देश दिए हैं और मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। वहीं, मकसूद अहमद की ओर से भी इस पूरे मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।







