बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक (DRM) गौरव गोविल की अध्यक्षता में सेफ्टी सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान रेल संचालन में संरक्षा नियमों की पालना, सतर्कता और सुरक्षा मानकों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सेमिनार में मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेल परिचालन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किए जाएं। उन्होंने संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कहा गया कि सुरक्षित रेल संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सतर्क रहना और संरक्षा नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करना आवश्यक है। संरक्षा से जुड़े मामलों में समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखा जा सके।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बीकानेर मंडल में रेल संरक्षा को लेकर सेफ्टी सेमिनार, DRM गौरव गोविल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश






