बीकानेर: पीबीएम में भर्ती गंभीर प्रसूता प्रीति की मौत, मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर बना कारण

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में शुक्रवार को एक दुखद खबर सामने आई। उपचाराधीन प्रसूता प्रीति की मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने इसकी पुष्टि की है।
अधीक्षक के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर माना जा रहा है। प्रसूता पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती थी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था।गौरतलब है कि हाल ही में पीबीएम अस्पताल में कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया था, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार उपचार व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी जुटी हुई थी।प्रीति की मौत के बाद मामले को लेकर एक बार फिर अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और प्रसूताओं के स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मौत के कारणों की विस्तृत जांच और चिकित्सकीय समीक्षा की जा रही है।









