
जीएसटी दिवस पर केंद्रीय जीएसटी विभाग ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बीकानेर। जीएसटी दिवस के अवसर पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर (सीजीएसटी) संभाग, बीकानेर (ग्रामीण) द्वारा वृंदावन एन्क्लेव स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त भूपेन्द्र छीपा एवं सहायक आयुक्त धर्मेन्द्र उपाध्याय ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर अधीक्षक (कर अपवंचना) संजय कुमार सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का माध्यम है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
जीएसटी दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव निरीक्षक जगदीश मेहरा द्वारा रखा गया था। विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कॉलोनीवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उनका माल्यार्पण कर सम्मान किया।
कार्यक्रम में अमरप्रताप डेवलपर्स के प्रमुख अशोक मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने केंद्रीय जीएसटी विभाग की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कॉलोनीवासियों की ओर से डॉ. डी.एस. बौद्ध, अम्बेडकर सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश परिहार, पृथ्वीराज कला एवं कैलाश कटारिया ने भी विभाग के इस प्रयास का स्वागत करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यकारी सहायक सूर्यप्रकाश बिश्नोई, मोहित गोस्वामी एवं महेश जावा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेते हुए “एक पौधा – एक संकल्प, हरित भारत की ओर एक सार्थक कदम” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।








