बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के जरिए बेटे को ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से सोने की चेन ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने नयाशहर थाने में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, 11 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे महिला अपने स्थान पर मौजूद थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और बातचीत के दौरान उसके बेटे को तंत्र-मंत्र के माध्यम से ठीक करने का झांसा दिया। आरोप है कि दोनों ने अपनी बातों में उलझाकर महिला को विश्वास में लिया और उसके गले में पहनी सोने की चेन उतरवा ली।
महिला के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने उसकी आंखों के सामने कोई चीज फेंकी, जिससे कुछ समय के लिए उसे आंखों के आगे अंधेरा छाने जैसा महसूस हुआ। इसी दौरान दोनों आरोपी सोने की चेन लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। नयाशहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।









