अंडर-15 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन, अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी देश का प्रतिनिधित्व
बीकानेर। खेल के मैदान में बीकानेर की प्रतिभा ने एक बार फिर अपनी पहचान बनाई है। शहर की युवा सॉफ्टबॉल खिलाड़ी एंजेल विश्नोई का चयन भारतीय अंडर-15 महिला सॉफ्टबॉल टीम में हुआ है। अब एंजेल 12 से 18 अक्टूबर तक चीन में होने वाले अंडर-15 महिला सॉफ्टबॉल एशिया कप में भारत की जर्सी में मैदान पर उतरेंगी। एंजेल के चयन की खबर सामने आते ही जिले के खेल प्रेमियों और सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों में उत्साह है। छोटी उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाली एंजेल इससे पहले तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अपने नाम कर चुकी हैं। राज्य स्तरीय मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है।
वर्षों की मेहनत लाई रंग
एंजेल पिछले करीब चार-पांच वर्षों से प्रशिक्षक सुबोध मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है। जिला सॉफ्टबॉल संघ, बीकानेर की चेयरमैन ममता रांका ने एंजेल के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह बीकानेर के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एंजेल एशिया कप में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी।
संघ के मुख्य संरक्षक करण प्रताप सिंह सिसोदिया सहित पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने भी एंजेल को शुभकामनाएं दीं। संघ अध्यक्ष दीपक गौड़ समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनकी सफलता को जिले की युवा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।







