बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने पाकिस्तान के कुख्यात शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांव निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भारतीय मोबाइल सिम पाकिस्तान तक पहुंचाने और उसे एक्टिव कराने के लिए आवश्यक ओटीपी उपलब्ध कराने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद जयपुर एटीएस ने बीकानेर पुलिस को सूचना दी। इसके आधार पर बज्जू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया। बज्जू थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 17 जुलाई को एक भारतीय मोबाइल सिम को सक्रिय कराने के लिए ओटीपी साझा किया था। इसके बाद वही सिम पाकिस्तान में इस्तेमाल होने लगी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी गैंग के सदस्य उज्जेर ने अनिल कुमार से संपर्क किया और उसे अपनी बातों में फंसाकर भारतीय सिम हासिल कर ली। सिम एक्टिव करने के लिए जरूरी ओटीपी भी आरोपी ने उपलब्ध करा दिया। पुलिस का कहना है कि इस सिम का पाकिस्तान में किसी भी प्रकार की अवैध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि में इस्तेमाल होने की आशंका है। शुरुआती जांच में शहजाद भट्टी गैंग के संबंध आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संगठनों से होने की बात भी सामने आई है। इसी आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।








