बीकानेर। शहर के एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित मरुधरा कॉलोनी, रेलमाता कॉलोनी के पीछे संचालित एक विद्यालय में अज्ञात लोगों द्वारा घुसकर महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, एफसीआई गोदाम रोड, इंदिरा कॉलोनी निवासी विजयसिंह पुत्र सुल्तानसिंह राजपूत (60) ने एमपी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि 25 जुलाई को अज्ञात लोग विद्यालय परिसर में घुस आए और वहां रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों व रिकॉर्ड में आग लगा दी। इस घटना से विद्यालय प्रशासन को नुकसान पहुंचा है तथा कई आवश्यक अभिलेख प्रभावित हुए हैं। एमपी नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।












