बीकानेर। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आय और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जुलाई 2026 तक मंडल की कुल आय 526.91 करोड़ रुपये पहुंच गई है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में कुल आय 464.84 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार मंडल की कुल आय में 13.35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बिक्री से जुलाई तक 215.15 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष की 189.68 करोड़ रुपये की आय की तुलना में 13.43 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह अन्य कोचिंग से 24.59 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष के 23.63 करोड़ रुपये की तुलना में 4.06 प्रतिशत अधिक है। मालभाड़े से मंडल को 195.80 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जबकि पिछले वर्ष यह 180.28 करोड़ रुपये थी। मालभाड़े की आय में 8.61 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अन्य विविध स्रोतों से भी मंडल की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। जुलाई तक इस मद में 91.37 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष यह 71.25 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार 28.24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
167.99 लाख यात्रियों ने की रेल यात्रा
बीकानेर रेल मंडल पर यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 167.99 लाख यात्रियों ने मंडल से रेल यात्रा की, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में यह संख्या 160.83 लाख थी। यात्रियों की संख्या में 4.45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 96.15 प्रतिशत
यात्री सुविधाओं के साथ ट्रेनों की समयपालनता पर भी मंडल का विशेष जोर है। जुलाई 2026 में बीकानेर मंडल पर एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 96.15 प्रतिशत रही। रेलवे के अनुसार बेहतर समयपालनता और यात्री सुविधाओं से यात्रियों का भरोसा बढ़ रहा है।
बीकानेर रेल मंडल द्वारा रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक इकाइयों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से निरंतर संवाद किया जा रहा है। मंडल द्वारा ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण, प्रभावी विपणन रणनीति और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के माध्यम से माल ढुलाई को और सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बीकानेर रेल मंडल की आय में 13.35% की बढ़ोतरी, जुलाई तक 526.91 करोड़ रुपये की कमाई








