बीकानेर। रक्षाबंधन के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीछवाल स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में 1439 किलोग्राम काजू सीज किए। अभिहित अधिकारी एवं सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने बताया कि जयपुर से आए केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित शर्मा तथा जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्रवण कुमार वर्मा और भानू प्रताप सिंह गहलोत ने मैसर्स वीआरएल लॉजिस्टिक के गोदाम पर कार्रवाई की। यहां प्राप्ति ब्रांड के काजू के लेबल में कमी पाए जाने पर नमूना लेने के बाद काजू को सीज किया गया। यह काजू फड़ बाजार स्थित मैसर्स गोपी किशन सुरेश कुमार द्वारा मंगवाए गए थे। इसके अलावा मैसर्स रूपचंद मोहनलाल की निर्माण इकाई से गुलाबजामुन और खोया तथा मैसर्स श्री बीकानेर नमकीन भंडार से मीठा मावा और काजू कतली के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









