बीकानेर। जिले में निकाय चुनाव को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश के बाद बीकानेर जिले की सभी 7 नगरीय निकायों में मतदान की तारीख में परिवर्तन किया है।
नए कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम बीकानेर में अब 11 सितंबर के बजाय 9 सितंबर को मतदान होगा। वहीं नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, खाजूवाला, लूणकरणसर और नापासर नगर पालिकाओं में 9 सितंबर के स्थान पर 11 सितंबर को वोटिंग करवाई जाएगी। चुनाव तिथि में बदलाव विभिन्न मेलों, तीज-त्योहारों, धार्मिक यात्राओं और सामाजिक संगठनों की मांग को देखते हुए किया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्वाचन विभाग को चुनाव की तारीख में बदलाव के लिए पत्र भेजा गया था, जिसके बाद आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया।









