बीकानेर। नगर निगम चुनाव की आहट के बीच बीकानेर में क्षत्रिय समाज ने राजनीतिक दलों को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। समाज ने कहा है कि सामान्य सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य प्रत्याशियों को टिकट नहीं मिला तो समाज स्वयं उपयुक्त प्रत्याशी का चयन कर उसे चुनाव मैदान में उतारने और जिताने के लिए एकजुट होगा। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में सभा अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने कहा कि समाज को किसी एक राजनीतिक पार्टी की जरूरत नहीं है, बल्कि समाज स्वयं एक राजनीतिक शक्ति है। उन्होंने कहा कि चुनाव में सम्मान, प्रतिनिधित्व और योग्य प्रत्याशी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को नगर निगम चुनाव में आगे लाने पर जोर दिया।
सभा के उपाध्यक्ष जगमाल सिंह पायली ने राजनीतिक दलों से सामान्य वार्डों में सामान्य वर्ग के लोगों को प्रतिनिधित्व देने की मांग की। संवाद कार्यक्रम में समाज के कई लोगों ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर अपने सुझाव रखे और अधिक से अधिक योग्य समाजजनों को टिकट दिलाने की पैरवी की।

400 से ज्यादा लोगों की मौजूदगी ने दिखाया चुनावी मूड
कार्यक्रम में करीब 400 लोगों की मौजूदगी रही। सभा के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने चुनावी रणनीति, प्रतिनिधित्व और प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम में रणवीर सिंह नोखड़ा, जितेंद्र सिंह राजियासर, रुपेंद्र सिंह कक्कू, नरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह हाडला, महावीर सिंह पवार, जालम सिंह भाटी, अमर सिंह भाटी, अमर सिंह हाड़ला, गिरधारी सिंह खिंदासर, गंगा सिंह परिहार, देवेंद्र सिंह बीका, तेज सिंह मेलिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।








