बीकानेर। रामपुरा बस्ती की गली नंबर 2 में वार्ड नंबर 38 के निवर्तमान पार्षद सुनील कुमार गेधर पर हमले का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो युवकों द्वारा उनके साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि सुनील कुमार गेधर अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने सुनील गेधर का हाथ पकड़कर उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान अचानक उस युवक ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद सुनील गेधर ने किसी तरह खुद को बचाया और वहां भाग निकले। घटना के बाद पूरे मामले का वीडियो सामने आया, जिसमें घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ बताया जा रहा है। सुनील कुमार गेधर ने घटना की पुष्टि करते हुए थाने में दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हमले के पीछे क्या कारण रहा, इसे लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









