बीकानेर, 27 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को आयोजित होने वाले “रन फॉर फिट बीकाणा – छठा संस्करण” को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। “संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर के लिए एक साथ दौड़ेंगे हजारों कदम” के संदेश के साथ आयोजित होने वाले इस जन-जागरूकता एवं फिटनेस अभियान के पोस्टर का विमोचन आज 26 मैकेनाइज्ड रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सी. अखिल सर एवं भारतीय सेना की 14 महार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर रोशन जैन सर ने किया।इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों ने दोनों कमांडिंग ऑफिसर्स को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित होने वाले इस अभियान में भारतीय सेना के जवानों की सहभागिता का भी आग्रह किया। आयोजकों ने निवेदन किया कि सेना के अधिकारी एवं जवान इस जनहितकारी अभियान में शामिल होकर युवाओं का उत्साहवर्धन करें तथा नशामुक्ति और फिटनेस के संदेश को और अधिक मजबूती प्रदान करें। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर्स ने ऐसे सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में नशे की प्रवृत्ति को दूर करने और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारतीय सेना अनुशासन और समर्पण के सिद्धांतों पर कार्य करती है, उसी प्रकार खेलों में भी अनुशासन का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेल युवाओं में समयबद्धता, संयम, परिश्रम और अनुशासन की भावना विकसित करते हैं। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखते हुए अधिक से अधिक संख्या में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। एकलव्य फाउंडेशन के अध्यक्ष दानवीर सिंह भाटी ने बताया की 29 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर “रन फॉर फिट बीकाणा – छठा संस्करण” आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य “संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर” की अवधारणा को साकार करना तथा युवाओं एवं आमजन को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना है।

भाटी ने कहा, “रन फॉर फिट बीकाणा केवल एक वॉकथॉन नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने का एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान है। हमें विश्वास है कि हजारों खिलाड़ी, युवा, विद्यार्थी, खेलप्रेमी एवं आमजन एक साथ कदम बढ़ाकर ‘संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर’ के संकल्प को मजबूत करेंगे।”
आयोजन समिति के बॉक्सिंग कोच राजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस एकलव्य फाउंडेशन व क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आयोजित रन फॉर फिट बिकाणा को लेकर खिलाड़ियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह है। गत वर्ष आयोजित कार्यक्रम में लगभग 5,000 खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने भाग लिया था और इस वर्ष भी हजारों लोगों की सहभागिता अपेक्षित है।
उन्होंने कहा, “खेल और फिटनेस से जुड़कर युवा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं। इस आयोजन को लेकर अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों और युवाओं में काफी उत्साह है तथा बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होकर नशामुक्त बीकानेर के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।”








