बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के किशनायत गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। डम्पर की चपेट में आने से डेह निवासी पूनमराम की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डम्पर से कुचलने के कारण पूनमराम की मौत सामने आई है। वहीं उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। पुलिस को प्रथमदृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा होने का संदेह है। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। एफएसएल रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







