बीकानेर। शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के हनुमान हत्था का है, जहां समझाइश करने पहुंचे पूर्व पार्षद महेन्द्र सिंह बड़गूजर पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पूर्व पार्षद को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।जानकारी के अनुसार, हनुमान मंदिर के पास कुछ युवक हंगामा कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पूर्व पार्षद महेन्द्र सिंह बड़गूजर को मौके पर बुलाया गया। वे समझाइश करने पहुंचे तो आरोप है कि बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने तलवार से गर्दन पर वार किया और चाकू से कमर पर कई वार किए। हमले में वे गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले में भूपेन्द्र सिंह उर्फ भूपसा और लोकेन्द्र सिंह के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि भूपेन्द्र सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।









