बीकानेर। व्यापारियों से रंगदारी मांगने और फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रोहित गोदारा गैंग से जुड़े आरोपी शिवराज सिंह को कोटगेट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि यह गिरफ्तारी कोटगेट थाने में दर्ज स्वत: संज्ञान के मुकदमे के तहत हुई है, जिसमें पुलिस पहले भी गैंग से जुड़े कई आरोपियों को पकड़ चुकी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवराज सिंह (36) पुत्र सहदेव सिंह राजपूत मूल रूप से झुंझुनूं जिले के मंडावा क्षेत्र का निवासी है। उसका बीकानेर के तिलकनगर में भी किराए का मकान है।
रंगदारी और फायरिंग के चार पुराने मामले
सीओ सिटी अनुज डाल के मुताबिक शिवराज के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी और फायरिंग से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। ये मामले बीकानेर के सदर और जेएनवीसी थाने के अलावा जयपुर के सांगानेर और सिप्रापथ थाने में दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2015 में दर्ज हुआ था। इसके बाद 2021, 2022 और 2023 में भी मामले दर्ज हुए।
व्यापारियों की शिकायतों के बिना पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
दरअसल, मुकदमा नंबर 278/2025 पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संगठित अपराधियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। पुलिस को इनपुट मिले थे कि रोहित गोदारा गैंग बीकानेर के व्यापारियों और पूंजीपतियों को धमकाकर रंगदारी वसूल रहा है। गैंग के डर के कारण कई पीड़ित सामने आकर शिकायत दर्ज कराने से बच रहे थे। इसी को देखते हुए पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की। इस प्रकरण में कोटगेट पुलिस अब तक विष्णु साध और इरफान सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। थानाधिकारी विक्रम तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
पत्नी बनी सरपंच, चुनाव प्रचार में शामिल था आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवराज सिंह की पत्नी ने झुंझुनूं में सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। बताया जा रहा है कि शिवराज भी चुनाव प्रचार में सक्रिय था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे झुंझुनूं से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।








