बीकानेर। शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था सुचारू नहीं होने को लेकर कांग्रेस पार्षदों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन के बाद मंगलवार सुबह कांग्रेसी पार्षदों का एक दल डंपिंग यार्ड पहुंच गया।
डंपिंग यार्ड पहुंचने के बाद पार्षदों ने वहां कचरा परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पार्षदों का कहना है कि सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जगह-जगह गंदगी के ढेर नजर आ रहे हैं।
कांग्रेसी पार्षदों ने कहा कि आमजन लगातार शिकायत कर रहा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा। उनका आरोप है कि सोमवार को भी उन्होंने नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया था, लेकिन करीब एक घंटे इंतजार के बावजूद कोई अधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा।
पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब शहर में चारों तरफ गंदगी दिखाई दे रही है तो सफाई व्यवस्था आखिर कब सुधरेगी। उन्होंने मांग की कि घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को तत्काल सुचारू किया जाए और शहर में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
डंपिंग यार्ड पर प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए कचरा परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित रही।
बीकानेर में सफाई व्यवस्था पर बवाल: डंपिंग यार्ड पहुंचे कांग्रेसी पार्षद, कचरा वाहनों को रोका







