बीकानेर। गंगाशहर के चौपड़ाबाड़ी से सुजानदेसर जाने वाले मार्ग के आसपास सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे और प्लॉट काटकर बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में जन अभाव अभियोग निराकरण समिति (जिला कलक्टर) को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुराने ईंट भट्टा क्षेत्र में स्थित सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसके बाद जमीन को समतल कर उसे भूखंडों के रूप में विकसित कर बिक्री किए जाने की प्रक्रिया भी चल रही है। ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित भूमि पटवार हल्का गंगाशहर के शरह स्वरूपदेसर संख्या 21, 22, 24 व 25 (यूआईटी) तथा किसमीदेसर के खसरा संख्या 1096/28, 129 और 130 में स्थित है। शिकायत के अनुसार कुल करीब 6.02 हेक्टेयर भूमि सरकारी रिकॉर्ड में आती है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक उक्त जमीन पूर्व में संपतलाल पुत्र धूराराम को ईंट भट्टा संचालन के लिए लीज पर दी गई थी। उनका कहना है कि लीजधारक की मृत्यु के बाद लीज समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद जमीन पर कब्जे की गतिविधियां जारी हैं। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से पूरे मामले की जांच करवाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में बाबूलाल जाट, कैलाश खुड़िया, बाबूलाल कुमावत, महावीर भाटी, ओंकार भाटी और संतोष यादव सहित क्षेत्र के अन्य लोग शामिल रहे।







