बीकानेर:सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात: पोषाहार सहित लाखों का सामान गायब

बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र के रोड़ा गांव स्थित सरकारी स्कूल में अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए बच्चों के लिए रखे गए पोषाहार सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए। स्कूल के अध्यापक लक्ष्मीनारायण सुथार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार सुबह पड़ोसी मोहन सिंह और श्रीनिवास बिश्नोई ने फोन कर सूचना दी कि स्कूल के कमरों के ताले टूटे हुए हैं और सभी कमरे खुले पड़े हैं।
सूचना मिलने पर जब वे अपने साथी शिक्षक राजेंद्र बिश्रोई के साथ स्कूल पहुंचे तो पाया कि कंप्यूटर रूम, स्टोर रूम सहित सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। जांच में सामने आया कि अज्ञात चोर स्कूल से 42 इंच का टीवी, दो गैस सिलेंडर, एक ऑटोमेटिक घंटी, 105 किलो गेहूं और 132 किलो चावल चोरी कर ले गए। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पाया गया कि 23 मई के बाद रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है, जबकि उससे पहले की फुटेज सुरक्षित है। साथ ही 23 मई को स्कूल का बिजली कनेक्शन भी खंभे से जुड़ा हुआ नहीं था, जिससे निगरानी व्यवस्था बाधित रही।
अध्यापक की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











