भीलवाड़ा। जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, तस्करी की सूचना मिलने पर पुर थाना क्षेत्र में भीलवाड़ा-जयपुर हाईवे पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस ने नाकाबंदी की थी। देर रात एक तेज रफ्तार सफेद लग्जरी कार बैरिकेडिंग तोड़कर निकल गई। पुलिस ने तुरंत कार का पीछा किया। इस दौरान कार सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक तस्कर को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जोधपुर के भोपालगढ़ निवासी गणेशराम उर्फ गणपत के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज थे। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया था। मामले की जांच जारी है।
पुलिस-तस्करों के बीच मुठभेड़: फायरिंग में एक तस्कर ढेर, दूसरा फरार






