बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ जुलाई माह में विशेष टिकट जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 1 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक चले अभियान में कुल 13,051 मामले दर्ज किए गए, जिनसे ₹88.20 लाख का जुर्माना एवं किराया वसूला गया। इनमें रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान करने के 32 मामले भी शामिल हैं। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान लालगढ़, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हिसार और भिवानी सहित विभिन्न स्टेशनों एवं रेलखंडों पर विशेष टिकट जांच की गई। इसके अलावा अम्बुश जांच, फोर्ट्रेस (किलाबंदी) जांच और इंटर डिवीजन (क्रॉस कंट्री) जांच के माध्यम से बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।
रेलवे ने बताया कि जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में धूम्रपान करते पाए जाने पर ₹2,000 तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे परिसर में धूम्रपान से बचें।
बीकानेर मंडल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रेलवे सुरक्षा बल एवं संबंधित विभागों के सहयोग से ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







