बीकानेर। पांचू थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो के जरिए एक दंपती को ब्लैकमेल करने और महिला को मानसिक दबाव में लेकर अश्लील फोटो-वीडियो मंगवाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने सारुण्डा निवासी बजरंग पुत्र ओमाराम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसके पति का अश्लील वीडियो छलपूर्वक अपने मोबाइल में हासिल कर लिया था। इसके बाद आरोपी इस वीडियो के जरिए दंपती को ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि दबाव में आकर महिला ने अपने बिना कपड़ों के फोटो और वीडियो बनाकर आरोपी को भेज दिए। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने उसके पति का अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। साथ ही अब वह महिला के निजी फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच थानाधिकारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़ कर रहे हैं।










