बीकानेर। दीपावली के त्योहार पर इस बार बीकानेर शहर की सुंदरता में चार चांद लगने वाले हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को आकर्षक रोशनी और अनूठी थीम से सजाया जाएगा। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने इसके लिए शहर के 42 स्थान चिह्नित किए हैं। खास बात यह है कि इन स्थानों को सजाने की जिम्मेदारी टेंट व्यवसायियों को दी गई है और उनके बीच बेहतर सजावट को लेकर प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी।
बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना के अनुसार, इस आयोजन को लेकर टेंट व्यवसायियों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में शहर के 42 स्थानों का अलग-अलग व्यवसायियों को आवंटन किया गया। किसी को एक तो किसी को दो या तीन स्थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी व्यवसायी मिलकर इन स्थानों पर आकर्षक लाइटिंग, विशेष थीम और नए रचनात्मक प्रयोगों के जरिए सजावट करेंगे। सजावट की गुणवत्ता और बेहतर प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए बीडीए ने तीन सदस्यीय मूल्यांकन दल गठित किए हैं। ये दल 6, 7 और 8 नवंबर को शाम 7 बजे से शहर के सभी निर्धारित स्थानों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सजावट के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंक दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में चार आधारों पर मूल्यांकन होगा। इसमें सजावट की गुणवत्ता एवं आकर्षण, थीम के अनुरूप लाइटिंग, टेंट का आकार एवं विस्तार तथा नए प्रयोग और रचनात्मकता शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी के लिए 25 अंक निर्धारित किए गए हैं। तीनों दिनों के निरीक्षण के बाद प्राप्त अंकों के आधार पर विजेताओं का फैसला होगा।
प्रतियोगिता में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वाले टेंट व्यवसायियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, इसमें हिस्सा लेने वाले अन्य व्यवसायियों और उनके कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन के रूप में प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह में जिला स्तर पर सम्मानित करवाने के लिए बीडीए की ओर से जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बीडीए आयुक्त ने शहरवासियों से भी इस आयोजन में भागीदारी निभाने की अपील की है। 6 से 8 नवंबर तक शाम 7 बजे के बाद लोग अपने परिवार के साथ शहर के अलग-अलग सजावट स्थलों पर पहुंचकर दीपावली की रोशनी और आकर्षक सजावट का आनंद ले सकेंगे।
बीडीए की इस पहल से जहां दीपावली पर शहर का नजारा और खूबसूरत होगा, वहीं स्थानीय टेंट व्यवसायियों को अपनी कला, हुनर और रचनात्मकता दिखाने का अवसर भी मिलेगा।









