बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लखासर टोल प्लाजा के पास दो बोलेरो गाड़ियों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा कल शाम करीब 4 बजे लखासर टोल प्लाजा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों बोलेरो गाड़ियां तेज टक्कर के साथ आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार छह लोग अंदर फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद टोल प्लाजा कर्मचारियों और वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने मानवता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से चार घायलों को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, लखासर सरपंच गोवर्धन खिलेरी के पुत्र पवन और उनके भाई मुकेश ने भी अपनी गाड़ी से दो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीकानेर रेफर कर दिया गया। हादसे में चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।









