बीकानेर। दीपावली पर आतिशबाजी का शौक इस बार भी कई परिवारों के लिए दर्दनाक यादें छोड़ गया। रोशनी और खुशियों के त्योहार के बीच पटाखों से निकली चिंगारी ने किसी को अस्पताल पहुंचाया तो एक परिवार का चिराग ही बुझा दिया। बीकानेर में दीपावली के दौरान पटाखों से जलने के मामलों में बड़ी संख्या सामने आई है। पीबीएम अस्पताल के अधिकृत सूत्रों के अनुसार, 8 नवंबर की सुबह से 9 नवंबर की रात तक झुलसने के कुल 125 मामले दर्ज किए गए। इनमें चारणवाला निवासी 9 वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, तीन मरीज अभी भी पीबीएम अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि अधिकांश लोग पटाखों से निकली चिंगारी और आतिशबाजी के दौरान झुलसे हैं। त्योहार के दौरान अस्पताल में जले हुए मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि पिछले दीपावली सीजन के मुकाबले इस बार झुलसने के मामले कम दर्ज किए गए।
पटाखों से होने वाला नुकसान केवल जलने तक सीमित नहीं है। तेज आवाज और जहरीला धुआं भी लोगों की सेहत पर असर डालता है। दीपावली की खुशियों के बीच एक मासूम की मौत और 125 लोगों का झुलसना आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को फिर उजागर करता है।









