बीकानेर। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से गिरने के कारण एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बरसलपुर गांव के पास करणी मंदिर के नजदीक 8 नवंबर की शाम करीब पांच बजे हुआ। गंभीर हालत में युवक को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, बरसलपुर निवासी भंवरलाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसका भाई अप्पूराम (30) ट्रैक्टर पर सवार होकर चक 5 बीडीवाई स्थित खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान करणी मंदिर के पास ट्रैक्टर चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाया, जिससे अप्पूराम नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में परिजनों ने मोर्चरी में पुलिस को रिपोर्ट सौंपी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।









