बीकानेर। बाल अधिकारों की सुरक्षा और पुलिस थानों में व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए किशोर न्याय बोर्ड की टीम ने गंगाशहर और बीछवाल थानों का औचक निरीक्षण किया। बोर्ड सदस्य किरण गौड़ एवं अरविंद सिंह सेंगर ने दोनों थानों में पहुंचकर बाल संरक्षण से जुड़े इंतजामों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। गंगाशहर थाने में सीओ प्रहलाद राय और बीछवाल थाने में थानाधिकारी दिगपाल सिंह चारण की मौजूदगी में एचएम से आवश्यक जानकारियां ली गईं। निरीक्षण के दौरान दोनों थानों में कोई नाबालिग निरुद्ध नहीं मिला। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और बाल रजिस्टर का रिकॉर्ड भी संतोषजनक पाया गया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई की सुमन मेहरा ने बाल विवाह, बाल श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ जागरूकता पोस्टर वितरित किए। बोर्ड सदस्यों ने इन पोस्टरों को थानों में प्रमुख स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए, ताकि बाल अधिकारों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाई जा सके।








