बीकानेर। पूनरासर से पीबीएम अस्पताल ले जाई जा रही एक प्रसूता ने रास्ते में ही एंबुलेंस में बेटे को जन्म दिया। हल्दीराम प्याऊ के पास हुई इस घटना में एंबुलेंस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया। जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 3 बजे पूनरासर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रसूता को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज हो गई। हालात को देखते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी अशोक समारिया और पायलट अंकित चौधरी ने जिम्मेदारी संभाली और प्रसव में सहयोग किया। सुबह करीब पौने चार बजे हल्दीराम प्याऊ के पास प्रसूता ने बालक को जन्म दिया। इसके बाद एंबुलेंस स्टाफ ने नवजात को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया और दोनों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाकर भर्ती करवाया। सुरक्षित प्रसव के बाद परिजनों ने राहत जताते हुए एंबुलेंस कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।









