बीकानेर। श्री माहेश्वरी महिला समिति बीकानेर के तत्वावधान में महेश नवमी पर्व से पूर्व स्थानीय डागा चौक स्थित महेश भवन में स्वर्गीय महेंद्र जी दुजारी की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का आयोजन डॉ. निशा दुजारी के निर्देशन में किया गया।
समिति की संरक्षिका किरण झंवर एवं सरला लोहिया ने बताया कि शिविर का उद्घाटन बीकानेर के प्रख्यात नाड़ी वैद्य सोहनलाल राठी ने किया। शिविर की कॉर्डिनेटर डॉ. निशा दुजारी ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में वैकल्पिक चिकित्सा, ऋतु परिवर्तन के अनुसार स्वास्थ्य संरक्षण, दादी मां के नुस्खे तथा योग एवं मेडिटेशन जैसे विषयों पर उपयोगी जानकारी दी गई। शिविर के अंतिम दिन योग एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए उनके स्वास्थ्य लाभ बताए गए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर और मन दोनों को स्वस्थ एवं संतुलित बनाए रखने में सहायक है।
समिति की सचिव अनुभा बागड़ी एवं सीमा चांडक ने बताया कि शिविर में 175 लोगों ने पंजीकरण करवाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। समापन अवसर पर डॉ. निशा दुजारी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया तथा उनकी मेडिकल टीम के सदस्यों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर किरण झंवर, सरला लोहिया, श्रेया राठी, अनुभा बागड़ी, संतोष राठी, सरस्वती करनानी, रेनू झंवर, अंजली चांडक, अंजू लोहिया, विभा बियानी, सीमा चांडक, कंचन राठी, निशा झंवर, चन्द्रकला कोठारी सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।








