
बीकानेर: टिन शेड पर काम करते समय गिरा श्रमिक, इलाज के दौरान मौत

बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र में टिन शेड पर कार्य करते समय ऊंचाई से गिरने के कारण एक 28 वर्षीय श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नोखा के कानपुरा बस्ती निवासी राजूराम पुत्र रामलाल भार्गव ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई कालूराम (28) 21 जून की सुबह कांता खतुरिया कॉलोनी स्थित बी-112 मकान में फुसाराम प्रजापत के यहां टिन शेड लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया।
हादसे के बाद मकान मालिक घायल श्रमिक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मर्ग दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।







