चंडीगढ़। वैश्य समाज के सक्रिय नेता एवं भाजपा सदस्य विजय बाफना ने पंजाब के महामहिम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से चंडीगढ़ स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विजय बाफना ने राज्यपाल कटारिया को पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुलाकात के दौरान समाजहित, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विजय बाफना ने वैश्य समाज की सामाजिक गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यों एवं समाज को एकजुट कर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी भी साझा की। राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले सेवा और जनजागरण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सहभागिता आज की आवश्यकता है। उन्होंने सभी वर्गों से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और जनसेवा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। दोनों ने सामाजिक विकास और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।








