बीकानेर। बीकानेर से करीब 40 किलोमीटर दूर जगदेववाला रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात पटरियों पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार 21 सितंबर 2026 की रात करीब 1:15 बजे रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया उसकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिसके चलते फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर खिदमतगार खादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान के स्वयंसेवक राजा कुमार सोयेब, मोहम्मद जुनैद और राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। संबंधित जीआरपी थाना अधिकारी हजारा पठान और कानाराम सहित पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस की निगरानी में शव को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल जीआरपी पुलिस ने मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







