बीकानेर। ट्रेन में सफर कर रही 60 वर्षीय महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर सामाजिक संस्था टाइगर फोर्स की टीम एंबुलेंस लेकर लूणकरणसर रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन से महिला को उतारकर तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टाइगर फोर्स अध्यक्ष महिपाल सिंह के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी निवासी बलवीर कौर पत्नी मोहन सिंह परिवार सहित बीकानेर क्षेत्र में मजदूरी करने गई हुई थी। मंगलवार को वह ट्रेन से वापस हनुमानगढ़ लौट रही थी। सफर के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही टाइगर फोर्स की टीम एंबुलेंस लेकर ट्रेन के लूणकरणसर पहुंचने से पहले ही रेलवे स्टेशन पहुंच गई। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही महिला को उतारकर लूणकरणसर उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







