बीकानेर। खरनाल दर्शन के लिए निकले युवकों की कार नोखा क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। NH-62 पर डिवाइडर से कार टकराने के बाद हुए हादसे में साधासर निवासी सुनील जाट की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार मोडाराम जाट गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को सुनील जाट, मोडाराम जाट सहित अन्य युवक कार से बीकानेर से खरनाल के लिए रवाना हुए थे। नोखा से आगे NH-62 पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद वे आगे बढ़े। इसी दौरान कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सुनील को गंभीर चोटें आईं। साथियों ने उसे तत्काल नोखा के राजकीय बागड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल मोडाराम को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम ट्रोमा सेंटर रेफर किया गया। हादसे की सूचना परिजनों को फोन के माध्यम से दी गई। घटना को लेकर रामदेव पुत्र हरजीराम जाट निवासी साधासर ने 22 सितंबर को नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।







