बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ पालिका चुनाव के बाद पार्षद कमल झंवर के परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पार्षद कमल झंवर की शिकायत पर ललित कुमार ओड और दीनदयाल पुत्र किशनलाल खंडेलवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई। एएसआई भगवानाराम ने बताया कि दोनों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर सोशल मीडिया पर पार्षद के परिवार के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना अधिकारी कश्यप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।







