बीकानेर। शहर के नया शहर थाना क्षेत्र में बीती रात चाकूबाजी की वारदात से हड़कंप मच गया। सोनगिरी कुआं के पास एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना सामने आई है। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान कमल के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। वारदात की सूचना मिलते ही नया शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल चाकूबाजी के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।








