बीकानेर। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की ओर से विचार गोष्ठी, पोस्टर प्रदर्शनी और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर की।
प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने छात्राओं को दोनों महापुरुषों के जीवन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी देते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया। डॉ. धनपत जैन ने सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए स्वावलंबन और निस्वार्थ भाव से कार्य करने पर जोर दिया।
संकाय सदस्य डॉ. नवेंदु खत्री ने गांधीजी के आर्थिक विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की। वहीं डॉ. पंकज दाधीच ने गांधीजी और शास्त्रीजी के विचारों को वर्तमान तकनीकी दौर से जोड़ते हुए युवाओं के लिए रोजगारपरक सोच विकसित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं प्रियंका और सृष्टि सहित अन्य छात्राओं ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन एवं योगदान से जुड़े विचार साझा किए। रासेयो प्रभारी विशाल सोलंकी ने स्वतंत्रता आंदोलन में गांधीजी और शास्त्रीजी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई गई। पोस्टर प्रतियोगिता में कोमल, निरमा और मनस्वी विजेता रहीं, जिन्हें प्राचार्य एवं निर्णायकों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। डॉ. प्रीति मोथा तथा छात्राएं एकता और जूही प्रतियोगिता की निर्णायक रहीं। कार्यक्रम में रासेयो लक्ष्य गीत भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज परिसर में सामूहिक श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया गया। संकाय सदस्यों एवं स्वयंसेविकाओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। रासेयो प्रभारी डॉ. पल्लवी चौहान ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश, पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया हुनर







