बीकानेर। जयपुर की ओर से बीकानेर में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग जयपुर हाईवे को फोरलेन में तब्दील करने की तैयारी है। हल्दीराम प्याऊ से जयपुर बाइपास चौराहे तक करीब 3.975 किलोमीटर सड़क को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। इस पूरे काम पर करीब 24 करोड़ 2 लाख 63 हजार 281 रुपए खर्च होने का प्रावधान है।
प्रस्ताव के अनुसार फोरलेन का निर्माण जयपुर बाइपास चौराहे के किमी 553.800 से हल्दीराम प्याऊ के किमी 557.775 तक किया जाएगा। सड़क के बीच 1.2 मीटर चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा, जबकि दोनों दिशाओं में मुख्य सड़क की चौड़ाई 8.5-8.5 मीटर रखी जाएगी।
हादसों और बढ़ते ट्रैफिक के बीच लंबे समय से उठ रही थी मांग
जयपुर हाईवे पर लगातार बढ़ते यातायात के साथ हादसों का दबाव भी सामने आता रहा है। भारी वाहनों, बसों और स्थानीय यातायात की आवाजाही के कारण कई बार इस मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में सड़क को फोरलेन करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
मार्ग पर वैष्णोधाम और खाटू श्याम मंदिर के आसपास का क्षेत्र भी यातायात और दुर्घटना की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
दोनों तरफ बनेगा 1.5 मीटर चौड़ा शोल्डर
प्रस्तावित सड़क के दोनों बाहरी किनारों पर 1.5 मीटर चौड़े दानेदार शोल्डर का निर्माण किया जाएगा। आपात स्थिति में वाहन इन्हें सुरक्षित रूप से इस्तेमाल कर सकेंगे।
रात में सफर को सुरक्षित बनाने के लिए करीब 4 किलोमीटर हिस्से में आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने का भी प्रावधान है। डिवाइडर और रोशनी की व्यवस्था से रात के समय यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हाईवे के आसपास हैं कई अहम स्थल
जयपुर रोड बीकानेर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। इसके दोनों ओर आवासीय कॉलोनियों के साथ धार्मिक स्थल, वैष्णोधाम, खाटू श्याम मंदिर, मैरिज गार्डन, पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल-ढाबे और विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं।
बीकानेर में जयपुर हाईवे पर सफर होगा आसान, 24 करोड़ से बदलेगी सड़क की तस्वीर, जानिए कहां से कहां तक बनेगा फोरलेन







