बीकानेर। अरजनसर कस्बे में अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर बुधवार को बेरियर के पास पराली से भरी एक ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से ट्रैक्टर को समय रहते ट्रॉली से अलग कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार ट्रॉली बठिंडा जिले के सतपाल सिंह की बताई जा रही है। वह कोटकपूरा से ट्रॉली में पराली भरकर निकले थे। अरजनसर पहुंचने के बाद बेरियर के पास ट्रॉली खड़ी थी, इसी दौरान अचानक पराली में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही आसपास मौजूद दुकानदारों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग किया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लक्ष्मीनारायण औझा, कालूराम, इंद्र वर्मा, श्योपत और टेकचंद सहित कई ग्रामीणों ने काफी देर तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, सूखी पराली होने के कारण आग तेजी से फैलती रही। सूचना मिलने पर सूरतगढ़ नगरपालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने पानी के टैंकरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रॉली में भरी पूरी पराली जलकर राख हो चुकी थी। घटना की सूचना पर महाजन थाने से हेड कांस्टेबल पृथ्वीराज मीणा और अजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों की समय रहते की गई कार्रवाई से ट्रैक्टर को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।









