बीकानेर। जिले में अपराधियों और भूमाफियाओं के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को करमीसर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटगेट थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अपराधी आमिर और हसन द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
यह कार्रवाई रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। प्रशासन ने भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को हटाकर सरकारी भूमि को अपने कब्जे में लिया। अभियान में बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) की टीम भी शामिल रही। बीडीए के अधिकारी कुणाल राहड़ और आकांक्षा गोदारा ने मौके पर कार्रवाई की निगरानी की। वहीं पुलिस की ओर से एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, सीओ हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में कोटगेट थाना प्रभारी परमेश्वर सुथार सहित पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों, भूमाफियाओं और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







